संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। छितकुल गांव में अब लोगों को रिलायंस जियो की 5जी का नेटवर्क मिलेगा। इससे उपभोक्ताओं को सिग्नल की समस्या से परेशान नहीं होना पड़ेगा। गांव में 5जी नेटवर्क की सुविधा मिलने से स्थानीय लोगों, आईटीबीपी, सेना के साथ ही सैलानियों को इसका लाभ मिलेगा। तिब्बत सीमा से सटा आखिरी गांव छितकुल गांव समुद्र तल से करीब 3,450 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। इससे पहले छितकुल गांव में 4जी सुविधा रिलायंस जियो ने दिया था। इससे संबंधित क्षेत्र के तकनीशियन रणजीत सिंह नेगी ने बताया कि छितकुल, दुमती पोस्ट, रिकांगपिओ, कल्पा में फाइबर के माध्यम से टेलीफोन लाइन बिछाई गई। छितकुल गांव के प्रधान सुभाष चंद्र नेगी और उपप्रधान राजेश नेगी, मदन नेगी, तुलसी राम नेगी, शालिक राम नेगी, बलदेव सिंह नेगी, सुशील सागर नेगी और चोनी लाल नेगी ने इसके लिए सरकार का आभार जताया है। रिलायंस जियो के जनरल मैनेजर सुरेश शर्मा ने बताया कि किन्नौर में 5जी नेटवर्क छितकुल, कल्पा और रिकांगपिओ में उपलब्ध करवाया गया है। टापरी में 5जी नेटवर्क उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया जारी है।