बाहर नीचे सोता दिखाई दे कोई तो नगर परिषद को करें सूचित
गरीब और असहाय लोगों को रैन बसेरा में मिलेगी सोने की सुविधा
चौधरी अड्डा, बस अड्डा और अन्य स्थानों में भी लगेंगे सूचना बोर्ड
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। सर्दी में कोई व्यक्ति खुले में रात न गुजारे, इसके लिए नगर परिषद ने पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। यदि नगर परिषद क्षेत्र में आपको कोई व्यक्ति खुले में नीचे जमीन पर सोता दिखाई दे, तो तुरंत नगर परिषद को सूचित करें। आश्रय के अभाव में जी रहे लोगों के लिए नगर परिषद ने शहर के रैन-बसेरा में सोने की व्यवस्था की है। यहां करीब 10 पुरुष और 8 महिलाओं को सोने की सुविधा है। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने शहर के लोगों, कारोबारियों, पुलिस प्रशासन, परिवहन और स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों से आह्वान किया है कि यदि कोई व्यक्ति नगर परिषद की सीमा में बाहर सोया हुआ मिले, तो तुरंत नगर परिषद को इसकी सूचना दें। बेसहारा लोगों को आश्रय देने के लिए शहर के रैन- बसेरा में समुचित व्यवस्था की गई है। मंगलवार को एक बैठक हुई, जिसमें गरीब और असहाय लोगों को मदद पहुंचाने के बारे में चर्चा हुई। कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि रैन-बसेरा में 10 पुरुषों के लिए सोने, बिस्तर और शौचालय की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा महिलाओं के लिए दो कमरे उपलब्ध हैं, जिसमें 8 महिलाएं सो सकती हैं। उन्होंने कहा कि इस बारे व्यापक जागरूकता फैलाने के लिए चौधरी अड्डे, बस अड्डे, अस्पताल और अन्य स्थानों पर सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि गरीब और असहाय लोगों को रात बाहर न गुजारनी पड़े। बीआर नेगी ने बताया कि ऐसे असहाय लोगों को नगर परिषद तीन दिन तक ठहरने की सुविधा देगी। इसके बाद पुरुषों की सूचना कल्याण विभाग और महिलाओं की सूचना नारी निकेतन में दी जाएगी, ताकि इन लोगों का सही रूप से भरण पोषण हो सके। उन्होंने सभी लोगों से आह्वान किया है कि रात में कोई भी खुले में सोता दिखे तो उसे रैन बसेरा पहुंचाएं या नगर परिषद को सूचित करें।