नित्थर (कुल्लू)। रामपुर से वाया कोयल-बायल मार्ग पर पिछले पांच दिनों से बड़े वाहनों की आवाजाही ठप है। इससे क्षेत्र के हजारों लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एचआरटीसी की बस नहीं चलने से लोगों की दुश्वारियां बढ़ी गई हैं। गौर हो कि नित्थर के लिए उठाऊ पेयजल परियोजना का कार्य चल रहा है।
भारी बारिश के चलते उपरोक्त स्थन पर भूस्खलन होने से सड़क का एक हिस्सा धंस गया है। वहीं सौ मीटर तक सड़क में दरारें आ गई हैं। इससे छोटे वाहन भी सड़क पर खतरे के साये में गुजर रहे हैं। वहीं बसों समेत अन्य बड़े वाहनों की आवाजाही थमने से लोगों को कई किलोमीटर का सफर पैदल तय करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग का कहना है कि डंगे का निर्माण जलशक्ति विभाग करेगा वहीं जलशक्ति विभाग डंगा लगाने की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग की बता रहा है। दोनों विभागों की इस लड़ाई में क्षेत्र के लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों ने विभाग से जल्द सड़क को बहाल करने की मांग की है।
आपदा का फायदा उठा रहे टैक्सी चालक, वसूल रहे मनमाना किराया
इस सड़क से नित्थर, देहरा, दुराह, लॉट, पलेही और कुठेड़ पंचायतों के दर्जनों गांव के हजारों ग्रामीण रामपुर के लिए आवाजाही करते हैं। बसों की आवाजाही ठप होने से ग्रामीण टैक्सियों का भारी भरकम किराया अदा कर आवाजाही करने को मजबूर हैं। रामपुर, नित्थर और अन्य इलाकों के लिए सफर करने वाले लोगों का कहना है कि टैक्सी लोगों की मजबूरी का फायदा उठाकर कई गुना अधिक किराया वसूल कर रहे हैं। आपदा का फायदा उठाने वाले ऐसे लोगों पर प्रशासन और विभाग कोई कार्रवाई अमल में नहीं ला रहा है।
विभाग ने एस्टिमेट बनाकर भेज दिया है लेकिन फौरी राहत के लिए यहां पर पर ब्रेकर से पिछली तरफ कटिंग करनी पड़ेगी। सड़क को जल्द खोलने का प्रयास किया जाएगा।
पवन राणा, लोक निर्माण विभाग नित्थर