रामपुर के आयुर्वेदिक अस्पताल में उपचार के लिए कतार में खड़े मरीज। संवाद
उपचार के लिए घंटों कताराें में खड़े रहे मरीज
. आयुर्वेदिक अस्पताल में हड्डी से जुड़े मरीजों की बड़ी संख्या
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर के अस्पतालाें में रविवार के अवकाश के बाद सोमवार को बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। चार जिलों के केंद्र होने के चलते दूरदराज के क्षेत्राें से मरीज खनेरी अस्पताल और आयुर्वेदिक अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचते हैं। शहर के बीच स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल रामपुर में सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। सुबह आठ बजे से ही मरीज उपचार के लिए अस्पताल पहुंचना शुरू हो गए थे। दोपहर बाद तक मरीज अपनी बारी के इंतजार में खड़े रहे। आयुर्वेदिक अस्पताल रामपुर में बीमारियों का उपचार करवाना मरीजों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं था। अस्पताल में मरीजों को रोजाना कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। आयुर्वेदिक अस्पताल रामपुर में सोमवार को मरीजों की खासी भीड़ देखने को मिली। मरीजों को पहले पर्ची बनाने के लिए काउंटर में खड़ा रहना पड़ा। इसके बाद मरीजों को ओपीडी के बाहर घंटों अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। आयुर्वेदिक अस्पताल में रोजाना 200 से अधिक ओपीडी रहती है। रामपुर में एक मात्र आयुर्वेदिक अस्पताल होने के कारण मरीजों की लंबी लाइन लगी होती है। इन दिनों अस्पताल में सर्वाइकल, लंबर स्टेनोसिस, हर्नियेटेड डिस्क, बुखार, खांसी और जुकाम सहित अन्य मरीज उपचार के लिए अस्पताल में आ रहे हैं। ऐसे में डॉक्टर मरीजों को खानपान का ध्यान रखने, आयुर्वेदिक दवाइयां और मौसमी फलों का सेवन करने के लिए कह रहे हैं। अस्पताल में रामपुर, ननखड़ी और कुल्लू के हजारों मरीज उपचार के लिए आते हैं। आयुर्वेदिक अस्पताल के डॉ. कपिल शर्मा ने कहा कि अस्पताल में सुबह आठ बजे से ही मरीजों की जांच शुरू कर दी थी। सुबह 10:00 बजे के बाद नए मरीजों की जांच की गई। उन्होंने कहा कि अस्पताल में सर्वाइकल और लंबर स्टेनोसिस के अधिक मरीज उपचार के लिए अस्पताल आ रहे हैं।