मरीजों और कॉलेज विद्यार्थियों को पेश आ रही सबसे ज्यादा दिक्कत, महंगे किराये में करना पड़ रहा सफर
संवाद न्यूज एजेंसी
दलाश (कुल्लू)। रामपुर-बागीपुल-दुराह-नित्थर-दलाश बस सेवा एक साल से बंद है। इससे आनी और निरमंड विकास खंड की पंचायतों के ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। नियमित बस सुविधा न मिलने के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए निजी वाहनों और अन्य साधनों पर निर्भर होना पड़ रहा है। इससे अतिरिक्त किराया भी चुकाना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों के लिए यह बस सेवा महज आवागमन का साधन नहीं, बल्कि रामपुर और निरमंड जैसे प्रमुख केंद्रों तक पहुंचने का महत्वपूर्ण जरिया थी। दलाश से सुबह करीब 6:00 बजे रामपुर के लिए चलने वाली बस से मरीज आसानी से महात्मा गांधी चिकित्सा परिसर खनेरी पहुंचते थे। वहीं, निरमंड और रामपुर कॉलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी इस बस सेवा से नियमित आवाजाही की सुविधा मिलती थी। ग्रामीणों का कहना है कि बस सेवा लंबे समय से बंद होने के बावजूद इसे बहाल करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं। क्षेत्र के ग्रामीण सुरेश, विक्रांत, अमन, यशपाल, सूरज और राकेश सहित अन्य लोगों ने परिवहन विभाग रामपुर से मांग की है कि जनहित को देखते हुए रामपुर-दलाश बस सेवा को जल्द बहाल किया जाए। अड्डा प्रभारी रामपुर स्वरूप चंद ने बताया कि बसों की कमी के कारण सेवा प्रभावित हुई है। जल्द बस सेवा को दोबारा शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।