पांच महीनों से नित्थर क्षेत्र में पड़ा था सूखा
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। नित्थर क्षेत्र में लगातार बारिश होने से सेब के बगीचों में जान आई है। पिछले पांच महीनों से क्षेत्र में सूखा होने से लोग परेशान थे, अब लोगों ने राहत की सांस ली है। पिछले दिनों जहां तापमान में बढ़ोतरी होने से बादाम, खुमानी और अन्य फसलों के फूल खिल गए हैं। इस बारिश से तापमान में गिरावट आई है, जिससे इन फसलों पर संकट के बादल मंडला रहे हैं। इस समय उनके लिए तापमान में गिरावट ठीक नहीं है, वहीं इस भारी बारिश से आनी कंडागई-नित्थर सड़क मार्ग तांदी के पास बड़े और छोटे वाहनों के लिए बंद हो गया है। नित्थर-रामपुर सड़क मार्ग में जगह-जगह पत्थर गिरने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जो बंद पड़ी सड़कें है, उनको दुरुस्त कर दिया है l