ज्यूरी स्कूल में चुने गए हेड बॉय और हेड गर्ल प्रधानाचार्य के साथ। स्रोत : स्कूल प्रबंधन
प्रधानाचार्य ने प्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की दिलाई शपथ
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ज्यूरी में छात्र परिषद के हेड बॉय और हेड गर्ल के चुनाव लोकतांत्रिक विधि से करवाए गए। चुनाव प्रक्रिया में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मतदान के माध्यम से अपने प्रतिनिधियों का चयन किया। चुनाव परिणामों में 12वीं कक्षा के कला संकाय के छात्र राहुल हेड बॉय चुने गए। 12वीं कक्षा की छात्रा नेहा हेड गर्ल चुना गईं। इसके अतिरिक्त जमा दो आर्ट्स के छात्र योग राज नेगी को को-हेड बॉय और जेस्मिन नेगी को को-हेड गर्ल चुना गया। ज्यूरी स्कूल के प्राध्यापक सिकंदर बंसल ने बताया कि सोमवार को विद्यालय के प्रधानाचार्य पदम बिष्ट ने सभी प्रतिनिधियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। प्रधानाचार्य ने सभी निर्वाचित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय में इस प्रकार के चुनाव विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना से परिचित करवाते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पारदर्शिता, सहभागिता और आपसी सम्मान की भावना को भी मजबूत करता है।