उपायुक्त ने बैंकों से सस्ता शिक्षा और कृषि ऋण देने पर दिया बल
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ(किन्नौर)। जिला स्तरीय समीक्षा एवं समन्वय समिति किन्नौर की त्रैमासिक बैठक बुधवार को उपायुक्त कार्यालय सभागार में हुई। अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने की। उपायुक्त ने सरकारी और निजी बैंकों के अधिकारियों को जिले के निर्धन और उपेक्षित वर्गों के कल्याण के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपेक्षित वर्गों के कल्याण के लिए चलाई जा रहीं विभिन्न कल्याणकारी नीतियों और योजनाओं का लाभ प्रदान करने को कहा। उन्होंने बैंकों के अधिकारियों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और स्वयं सहायता समूहों के लिए रिवॉल्विंग फंड व आसान ऋण सुविधा उपलब्ध करवाने को कहा। उन्होंने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के लिए दी जा रही ऋण सुविधा का ब्योरा लिया और समीक्षा कर इस योजना के समग्र प्रचार-प्रसार पर बल दिया। इसके अलावा उपायुक्त ने डॉ. यंशवंत सिंह परमार शिक्षा ऋण योजना को महत्व देने पर बल दिया। डॉ. अमित कुमार शर्मा ने वित्तीय समावेशन पर बल दिया, ताकि जनजातीय जिले में सीमांत किसानों एवं पशुपालकों को सस्ता ऋण उपलब्ध करवाने को कहा। जिला अग्रणी बैंक पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंधक रोहित सांगवान ने बैठक का संचालन किया और केंद्र सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी नीतियों एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस मौके पर जिला उद्योग केंद्र महाप्रबंधक गुरूलाल नेगी, भारतीय रिजर्व बैंक के अधिकारी आशीष कुमार, नाबार्ड के चंद्रेश कुमार, सरकारी एवं निजी बैंक के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।