पुष्पेंद्र शर्मा बने निरमंड व्यापार मंडल के नए अध्यक्ष। संवाद
176 व्यापारियों ने लिया मतदान में हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
ब्रौ(रामपुर बुशहर)। निरमंड व्यापार मंडल के अध्यक्ष का पद पूर्व अध्यक्ष दलीप शर्मा के आकस्मिक निधन के बाद रिक्त हो गया था। इस पद को भरने के लिए रविवार को निरमंड के चंडी माता मंदिर सराय भवन में चुनाव प्रक्रिया आयोजित हुई। चुनाव में स्थानीय हवेली होटल के मालिक पुष्पेंद्र शर्मा को अध्यक्ष चुना गया। इस चुनाव में कीरत राम शुक्ला को 85 मत पड़े, जबकि पुष्पेंद्र को 89 मत हासिल हुए। इस तरह चार मतों के अंतर से पुष्पेंद्र ने कीरत राम को पराजित किया। इस चुनाव में निरमंड व्यापारमंडल के 176 सदस्यों ने अपने मत का प्रयोग किया। मतगणना के दौरान दो मत रिजेक्ट हुए। इससे पूर्व कोषाध्यक्ष के रिक्त पड़े पद पर ताबे राम का निर्विरोध चयन हुआ। नवनिर्वाचित अध्यक्ष पुष्पेंद्र शर्मा ने कहा कि पूरी कार्यकारिणी के साथ मिलकर व्यापारमंडल निरमंड को आगे ले जाना ही उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा। व्यापारी वर्ग की सभी समस्याओं का पूरी कार्यकारिणी के साथ मिलकर समाधान किया जाएगा।