दलाश बस अड्डा में सार्वजनिक शौचालय में लटका ताला। संवाद
. शौचालय बंद होने से बढ़ी सैकड़ों लोगों की दुश्वारियां
. रोजाना विद्यार्थी, महिलाएं और बाजार आने जाने वाले लोग झेल रहे परेशानियां
संवाद न्यूज एजेंसी
दलाश (कुल्लू)। क्षेत्र के मुख्य बाजार दलाश में छह माह से सार्वजनिक शौचालय बंद पड़ा हुआ है। लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। दलाश बस अड्डे के पास बने महिला और पुरुष शौचालय में ताला लटकने से स्कूली विद्यार्थियों, महिलाओं और बाजार आ जाने वाले लोगों की दुश्वारियां बरकरार हैं। लोगों को खुले में शौच के लिए जाना पड़ रहा है। बंद पड़े शौचालय से सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को झेलनी पड़ रही है। दलाश बाजार में दो सार्वजनिक शौचालय बनाए गए हैं। एक दलाश बस अड्डा के पास है तो दूसरा मेला मैदान सोह के पास बना है लेकिन बस अड्डा दलाश के पास महिला और पुरुष के सार्वजनिक शौचालय में छह माह से ताला लटका हुआ है। स्थानीय व्यापारियों ने कई बार शौचालय खोलने की मांग रखी लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। उधर, दलाश पंचायत प्रधान आशा देवी का कहना है कि जल्द ही शौचालय खोल दिया जाएगा। शौचालय के लिए सफाई कर्मचारी की व्यवस्था कर ली गई है। साथ ही 10 रुपये शुल्क भी निर्धारित किया गया है।