नित्थर क्षेत्र में सेब की प्रूनिंग में जुटा बागवान। संवाद
. सूखे के कारण बगीचे में तौलिये के कार्य लटके
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। नित्थर में सेब के बगीचों में काट-छांट का काम शुरू हो गया है। बागवान अपने बगीचों के कार्य में जुट गए हैं। प्रूनिंग का कार्य सर्दियों के अंत और वसंत की शुरुआत से मार्च तक करना सबसे अच्छा माना जाता है। नित्थर के ऊपरी सेब बहुल क्षेत्रों एडशी, बुआई में प्रूनिंग का कार्य शुरू हो चुका है। इसके अलावा लोट पंचायत के ऊपरी क्षेत्र लटांडागई, शमोह, चरानी और ऊपरी कुठेड़ में भी सेब के बगीचे में प्रूनिंग का कार्य जोरों पर हैं। क्षेत्र के बागवान भूपिंद्र चौहान, सुनील भारती, विजय चौहान, जोगिंदर सिंह और सतपाल ठाकुर ने कहा कि आज कल सेब के पेड़ों में तौलिये बनाने का कार्य जोरों पर होता था, लेकिन सूखे की मार से बागवान खाद और तौलिये करने का कार्य नहीं कर पा रहे हैं। बागवानी विशेषज्ञ आनी बलवीर चौहान ने बागवानों को सलाह दी है कि सेब की पेड़ों की काट-छांट करने का यह सही समय है। आगामी सीजन में फलों का बेहतर उत्पादन हो, इसके लिए पेड़ों की टहनियों की सही काट-छांट करना जरूरी है।