रामपुर बुशहर। पीजी कॉलेज रामपुर की एबीवीपी इकाई ने चीनी राष्ट्रपति का पुतला फूंका और चीन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इकाई ने शुक्रवार को रामपुर के चौधरी बस अड्डे में चीन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग का पुतला फूंका। वहीं, सरकार की ओर से चीन के 59 मोबाइल एप पर प्रतिबंध लगाने के फैसले की भी सराहना की गई। प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी ने क्षेत्र के लोगों से चीन में बने सामान का पूर्ण रूप से बहिष्कार करने और स्वदेशी सामान को अपनाने की अपील की। इकाई अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने कहा कि चीन में बने सामान का बहिष्कार कर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है और इससे देश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी। वहीं, इससे चीनी अर्थव्यवस्था भी तहस-नहस हो जाएगी। इस अवसर पर एबीवीपी प्रांत सहमंत्री आकाश नेगी, जिला सोशल मीडिया प्रमुख चंद्रेश कश्यप, स्पोर्ट्स प्रमुख मीतू सागर, चेतन शाक्या, अमीषा आदि मौजूद रहे।