चंबा में हुई घटना के विरोध में रामपुर एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते विहिप कार्यकर्ता। स
विश्व हिंदू परिषद ने राज्यपाल को भेजा ज्ञापन, सरकार से घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग
दत्तनगर में गोसेवक के साथ हुई हाथापाई पर भी जताया रोष
जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सड़कों पर उतरेंगे विहिप कार्यकर्ता : मेहता
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
चंबा के सुराडा मोहल्ले में हुई घटना के विरोध में सोमवार को विश्व हिंदू परिषद ने रामपुर में प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। उन्होंने मांग की है कि ऐसे आपराधिक जिहादी मानसिकता वाले लोगों को सजा दी जानी चाहिए। विहिप जिलाध्यक्ष सुरेश मेहता और जिला मंत्री विष्णु शर्मा ने कहा कि प्रदेश में जिहादी घटनाएं खुलेआम बढ़ रही हैं, इससे प्रशासन और सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। सरकार और प्रशासन को इस ओर विशेष ध्यान देना चाहिए। बाहरी राज्यों के व्यापारियों और मजदूरों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। इससे हिमाचल में नशे का कारोबार और जिहादी आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हुई है। उन्होंने प्रदेश सरकार और प्रशासन मांग है कि प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए। प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर नशा तस्करी, गो तस्करी, गोवध, लैंड जिहाद और लव जिहाद की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। सुंदरनगर, कुल्लू, बिलासपुर, नूरपुर, नालागढ़, ऊना, पालमपुर समेत कई क्षेत्रों में ऐसी घटनाएं पेश आ चुकी हैं। विश्व हिंदू कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की दत्तनगर पंचायत में एक समुदाय की ओर से गो सेवक के साथ की गई हाथापाई पर भी रोष जताया। एसडीएम को शिकायत पत्र सौंपकर मौके का मुआयना करने और उचित कार्रवाई करने की मांग उठाई है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि गुज्जर समुदाय के लोग सरकारी भूमि पर पक्के मकान बना रहे हैं। दत्तनगर की गोशाला की दीवार तोड़ने के बावजूद गो सेवक के साथ हाथापाई हुई है। एसडीएम ने जल्द ही मौके पर जाकर निशानदेही करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यदि वन भूमि पर अवैध निर्माण हुआ है, तो उसे जल्द हटाया जाएगा।