रोहडू। ब्लॉक युवा कांग्रेस टिक्कर के अध्यक्ष अर्पित राठौर की अध्यक्षता में युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने टिक्कर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में की गई बढ़ोतरी के खिलाफ प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार डॉलर और रुपये को बराबर करने के नाम पर सत्ता में आई थी और आज डीजल-पेट्रोल के दाम आसमान छू रहे हैं। युकां ने नायाब तहसीलदार के माध्यम से राज्यपाल को पेट्रोल-डीजल के लगातार बढ़ रहे दामों के खिलाफ ज्ञापन भेजा। उन्होंने कहा कि वैश्विक कोरोना महामारी में जनता पहले ही महंगाई से त्रस्त थी वहीं, मोदी सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दामों के बढ़ोतरी कर जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। केंद्र सरकार ने कोरोना काल में जनता को राहत देने की बजाय पेट्रोल के दामों में बढ़ोतरी कर मानवीय मूल्यों को भी दरकिनार किया है। राठौर ने कहा कि ब्लॉक युवा कांग्रेस टिक्कर क्षेत्र में पूर्व विधायक और पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रोहित ठाकुर और युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मनीष ठाकुर के दिशानिर्देशानुसार वैश्विक कोरोना महामारी के खिलाफ बाजारों, ढाबों, सरकारी कार्यालयों, बैंकों सहित एटीएम को सैनिटाइज करने के साथ मास्क वितरण का कार्य कर रही है।