राजकीय महाविद्यालय आनी में अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर मुख्यातिथि और अन्य । संवाद
आनी कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर कार्यक्रम
आनी (कुल्लू)। राजकीय महाविद्यालय आनी में मंगलवार को महाविद्यालय एंटी रैगिंग कमेटी ने एंटी रैगिंग डे और अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस मनाया। इस अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. कुंवर दिनेश सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि रैगिंग एक अपराध है। यदि महाविद्यालय में कोई छात्र रैगिंग में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने छात्रों को महाविद्यालय में गठित एंटी रैगिंग दस्ते की कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया। विद्यार्थियों को महाविद्यालय एवं समाज में परस्पर स्नेह, सद्भाव और सहयोग की भावना से कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस को मनाने की प्रासंगिकता पर भी प्रकाश डाला। महाविद्यालय एंटी रैगिंग कमेटी के संयोजक प्रो. विनोद कुमार ने बताया कि महाविद्यालय में 12 से 18 अगस्त तक रैगिंग रोधी सप्ताह के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान रैगिंग के प्रति छात्रों में जागरुकता बढ़ाने के लिए कई कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। रैगिंग रोधी दिवस तथा अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक प्रो. नरेंद्र पॉल, डॉ. रजनीश कुमार, प्रो. निर्मल सिंह, डॉ. धनप्रकाश, प्रो. संजय दत्त, जेएलए शोभा नेगी और हिम्मत राम सहित अन्य छात्र उपस्थित रहे।