चौपाल में समारोह की तैयारियां शुरू, एसडीएम ने दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल(रोहड़ू)।
स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर बुधवार को एसडीएम कार्यालय सभागार में बैठक हुई। अध्यक्षता एसडीएम हेम चंद वर्मा ने की। बैठक में विभागों के अधिकारियों और शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में निर्णय लिया विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को भी सम्मानित किया जाएगा। एसडीएम ने कहा कि सभी विभागों को आपसी समन्वय से समय पर आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। समारोह स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सुविधाएं, पार्किंग और बैठने की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। एसडीएम ने बताया कि समारोह में राष्ट्रीय ध्वजारोहण, परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। उन्होंने शिक्षा विभाग को विद्यालयों के विद्यार्थियों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा। आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। एसडीएम ने विभागाध्यक्षों को समारोह से पूर्व सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी। बैठक में अधिकारियों ने अपने विभागों की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक प्रबंध पूरे करने का आश्वासन दिया। बैठक में डीएसपी सुशांत शर्मा, तहसीलदार रोहित जालटा और जिला कल्याण अधिकारी आशा तोमर भी मौजूद रहे।