धर्मपुर मधान पंचायत में बारिश में ढहा प्री-प्राइमरी स्कूल का भवन
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग ( रामपुर बुशहर)। उपमंडल की धर्मपुर मधान पंचायत में बुधवार देर रात हुई भारी बारिश से प्री-प्राइमरी स्कूल का दो मंजिला भवन का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। अभिभावकों में अब चिंता और आक्रोश साफ झलक रहा है। उनका कहना है कि बरसात के इस मौसम में किस तरह असुरक्षित भवन में बच्चों की शिक्षा निरंतर चल पाएगी । उन्होंने कहा कि चार साल से जर्जर हालत में खड़े इस भवन को 2022 में ही गिराकर नया बनाने के लिए 20 लाख रुपये की राशि स्वीकृत हो चुकी थी, लेकिन लोक निर्माण विभाग की सुस्ती और प्रशासनिक लापरवाही ने बच्चों के भविष्य को जोखिम में डाल दिया। ग्रामवासियों का कहना है कि इस भवन को समय रहते असुरक्षित घोषित कर कार्रवाई की जाती, तो यह स्थिति पैदा ही न होती। पूर्व विधायक राखी सिंह ने भी अपने कार्यकाल में यहां का दौरा कर चेतावनी दी थी, लेकिन चेतावनी कागजों से बाहर नहीं निकल सकी। एसएमसी प्रधान संजीव कश्यप ने कहा की उपप्रधान रविंद्र शर्मा ने मौके का मुआयना किया है ।उन्होंने बताया कि सरकारी अमले की लापरवाही के कारण आज कई बच्चों के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है । उन्होंने शिक्षा मंत्री से इस मामले का संज्ञान लेने का आग्रह किया है