22 दिन चला धार्मिक अनुष्ठान, समापन कार्यक्रम में कुल्लू के पूर्व विधायक महेश्वर सिंह मुख्य अतिथि पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। आनी के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल टकरासी में देवता टकरासी नाग के नए भव्य मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। 21 नवंबर से शुरू हुए कार्यक्रम का वीरवार को विधिवत समापन किया गया। समापन अवसर पर 20 देवी-देवताओं ने शिरकत की और 15 हजार लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर कुल्लू के पूर्व विधायक महेश्वर सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए क्षेत्रवासियों को भव्य आयोजन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के मंच संचालक लीला प्रसाद ने बताया कि 22 दिन बाद कार्यक्रम का समापन हुआ। प्रतिदिन देवता की मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना की गई। उन्होंने कहा कि टकरासी नाग का भव्य मंदिर क्षेत्रवासियों के सहयोग से करीब डेढ़ करोड़ की लागत से तैयार किया गया है। 22 दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की, जिन्हें कमेटी ने सम्मानित किया। समापन समारोह के अवसर पर क्षेत्र के देवता खुड्डीजल, ब्यास ऋषि कुंईरी, बालू माता, नारायण फनौटी, बशावली नारायण, पनेउई नाग, बिननी देवता, विशली नाग सहित करीब 20 देवी-देवताओं ने भाग लिया। सभी देवताओं के कारकूनों का मंदिर कमेटी ने भव्य स्वागत किया। उन्होंने कहा कि देवी देवताओं ने क्षेत्र को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर कारदार अमर सिंह, कमेटी प्रधान शेर सिंह, टेक चंद, डोला सिंह चौहान, संगत राम, लीला प्रसाद, सुरेंद्र कुमार, देवेंद्र कुमार, प्रधान संतोष ठाकुर और ख्याले राम ठाकुर सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
संवाद