चिडगांव तहसील के तहत भौंडा गांव में नव निर्मित देवता साहिब विष्णू नारायण भौंडा का मंदिर प्राण प
देवता साहिब बाशिक महाराज जखनोटी के सानिध्य में होगा अनुष्ठान
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। चिड़गांव तहसील के भौंडा गांव में रविवार से देवता साहिब विष्णु नारायण भौंडा के मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह रविवार से शुरू होगा। करीब एक करोड़ की लागत से देवता के नए मंदिर का निर्माण हुआ है। देवता साहिब बाशिक महाराज जखनोटी के सानिध्य में तीन दिवसीय समारोह का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। मंदिर प्रतिष्ठा समारोह में शाटूल घाटी रोहल के देवता विष्णु नारायण व गजयानी से देवता विष्णु नारायण बतौर मेहमान उपस्थित रहेंगे। वहीं, कुंभराटू नाम से प्रसिद्ध कुंभराडा गांव के पंडित भी अपनी टोली के साथ आकर विशेष हवन और पूजन की परंपरा का निर्वहन करेंगे। इस देव अनुष्ठान का आरंभ रविवार को संघेडा रस्म के साथ होगा, जिसमें विभिन्न मेहमान देवता अपने देवलुओं के साथ आकर धूड़ पिटाई की रस्म निभाएंगे। सोमवार को शिखा पूजन की अहम रस्म के साथ मंदिर की मुख्य छत पर विशेष पूजा-अर्चना होगी। अंतिम दिन उछड़-पाछड़ के रूप में देवताओं और खूंदों की विदाई होगी। मंदिर कमेटी विष्णु नारायण भौंडा के अध्यक्ष अश्वनी मेहता और मोतमीन दलीप भंडारी ने बताया कि इस अनुष्ठान को लेकर सभी प्रकार की तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। समस्त ग्रामवासियों के अथक सहयोग से बनकर तैयार यह मंदिर काष्ठकुणी शैली का अद्भूत नमूना है। मंदिर के निर्माण कार्य को पूरा करने में उप मोतमीन सरनदास भंडारी, सचिव शिशुपाल डोगरा, कोषाध्यक्ष मांगूराम, पुजारी राजी राम, कारदार सुरेंद्र दता, चेतराम, विसन दारा, किशनचंद, देवराज, जितेंद्र, नरेद्र, सुशील, नीलू, मनोज, माली कुशमलाल और अर्जनदास सहित सभी ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा है।