प्राण प्रतिष्ठा समारोह में देवलुओं के साथ पहुंचे गवास गुडारू, देवता खंटू और देवता परशुराम
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। रणसार क्षेत्र के थली गांव में देवता गुडारू महाराज के नवनिर्मित मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह रविवार को शुरू गया। तीन दिवसीय समारोह में गवास गांव से देवता गुडारू, देवीधार गांव से देवता खंटू और टोडसा गांव से देवता परशुराम हजारों देवलुओं के साथ पहुंचे। सोमवार को समारोह के दूसरे दिन शिखा पूजन की मुख्य रस्म निभाई जाएगी। रविवार को देव आगमन ( संघेडा) रस्म के साथ प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान विधिवत रूप से आरंभ हो गया है। देवताओं का मिलन और देवलुओं का पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुनों पर नृत्य मुख्य आकर्षण रहा। रविवार दोपहर बाद थली में मेहमान देवताओं का आगमन हुआ। देर शाम तक तक देवलू वाद्ययंत्रों की धुनों पर नृत्य करते रहे। थली गांव में ग्रामीणों ने करीब 13 साल में लाखों रुपये की लागत से गुडारू देवता के मंदिर का निर्माण करवाया है। सोमवार को शिखा पूजन की मुख्य रस्म निभाई जाएगी, जिसमें मंदिर के छत पर विधिवत रूप से पूजा-अर्चना व मंत्रोच्चारण के साथ देवता की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। नवनिर्मित मंदिर का निर्माण काष्ठकुणी शैली से किया गया है। मंदिर कमेटी थली के मोतमीन यशपाल डंठियाण ने बताया कि देवता महाराज के नवनिर्मित मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान आरंभ हो गया है। रविवार को देवताओं का आगमन थली गांव में हुआ। तीन दिवसीय समारोह मंगलवार को संपन्न होगा।
थली मे देवता गुडारू के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम आरंभ