जिले में 19 संवेदनशील और 13 मतदान केंद्र अति संवेदनशील
कल्पा के 22047, पूह के 17701 और निचार खंड के 19408 मतदाता करेंगे मतदान
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर में पंचायतीराज चुनावों को लेकर जिला निर्वाचन आयोग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले की 80 पंचायतों में 3 चरणों में मतदान प्रक्रिया 26, 28 और 30 मई को आयोजित होगी। पंचायतीराज चुनाव में जिले के 18 और 19 वर्ष के 1,316 मतदाता पहली बार अपने मत का उपयोग करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बताया कि मतदान की व्यवस्था के लिए जिले में 420 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें 19 मतदान केंद्र संवेदनशील और 13 मतदान केंद्र अतिसंवेदनशील हैं। जिले में कुल मतदाता 59,156 हैं। इनमें विकास खंड कल्पा के 22,047, निचार उपमंडल में 19,408 और पूह उपमंडल में 17,701 मतदाता शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पंचायतीराज चुनाव में कुल 770 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जबकि 60 कर्मचारियों को रिजर्व में रखा गया है। चुनाव के दौरान जिले में 12 आरओ, 80 एआरओ और 27 सेक्शन अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। 7, 8 मई और 11 मई को नामांकन पत्र भरे जाएंगे। 12 मई को इसकी छंटनी की जाएगी। 14 और 15 मई को उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने मत का उपयोग अवश्य करने का आह्वान किया है।