भाजपा ने उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से बयान पर मांफी मांगने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)।
कोटखाई दौरे पर सोमवार को पहुंचे उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और शिक्षा मंत्री के साथ हुई प्रेस वार्ता के दौरान बागवानों से जुड़े एक सवाल को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। घटना के बाद क्षेत्र में सियासत गरमा गई है और सरकार के रवैये पर सवाल उठने लगे हैं। भाजपा कोटखाई-नावर मंडल किसान मोर्चा के अध्यक्ष रवि पर्नेईक ने इस बयान की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था में सेब उद्योग रीढ़ की हड्डी है। ऐसे संवेदनशील मुद्दे पर हल्का रवैया अपनाना बागवानों के साथ अन्याय है। उन्होंने मांग की कि उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री अपने बयान पर तुरंत माफी मांगें और बागवानों का सम्मान बहाल करें। साथ ही सरकार से आग्रह किया कि प्रभावित बागवानों को जल्द राहत प्रदान की जाए और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। कोटखाई दौरे के दौरान पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही भारी ओलावृष्टि और प्राकृतिक आपदा से सेब बागवानों को हो रहे नुकसान का मुद्दा उठाया। सवाल किया गया कि क्या सरकार उद्यान विभाग के माध्यम से प्रभावित बागवानों को दवाइयां उपलब्ध करवाएगी और क्या उन्हें आर्थिक सहायता दी जाएगी। आरोप है कि इस गंभीर सवाल के जवाब में उपमुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाने के बजाय हंसी-मजाक किया, जिससे बागवानों की भावनाएं आहत हुईं। इस घटनाक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर नाराजगी बढ़ती नजर आ रही है।