रामपुर विधानसभा क्षेत्र में आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस पार्टी से अपने-अपने प्रत्याशी को टिकट देने की पैरवी करने के लिए घमासान होने के आसार दिख रहे हैं। रामपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की ओर से टिकट की दावेदारी में वर्तमान विधायक नंदलाल का टिकट लगभग तय माना जा रहा है, लेकिन अभी भी कांग्रेस का एक धड़ा गुुपचुप तरीके से बैठक करके विधायक नंदलाल के विरोध में रणनीति बनाने में जुट गया है।
इससे पहले की कांग्रेस के एक गुट ने कांग्रेस संघर्ष समिति का गठन करके कांग्रेस पाटी प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और हाईकमान से रामपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक नंदलाल का टिकट काटने की गुहार लगाई थी लेकिन ऐसा होता हुआ नहीं दिख रहा है।
वहीं, रामपुर भाजपा के एक गुुट ने शुक्रवार को खुलकर संभावित एक प्रत्याशी का विरोध करके मोर्चा खोल दिया है। इस एक गुट ने भाजपा हाईकमान को आगाह किया है कि रामपुर क्षेत्र में बाहरी क्षेत्र का प्रत्याशी बर्दास्त नहीं करेंगे। कहा कि रामपुर में स्थानीय निवासी को ही भाजपा की ओर से आगामी विधानसभा के लिए प्रत्याशी बनाया जाए। ऐसा न होने पर भाजपा पार्टी को रामपुर से नुकसान उठना पडे़गा।
रामपुर में शुक्रवार को भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने भद्राश में बैठक करके आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति बनाई और साफ शब्दों में कहा है कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र से स्थानीय कार्यकर्ता को ही टिकट दिया जाए। इस दौरान पूर्व भाजपा प्रत्याशी प्रेम सिंह ध्ररैक, पूर्व कैलाश फेडरेशन अध्यक्ष बृजलाल, पूर्व जिला परिषद सदस्य भूपेश धीमान सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।