संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। ट्रांसफार्मर चोरी मामले में पुलिस ने एक गिरोह का खुलासा किया है। यह गिरोह पिछले एक वर्ष में क्षेत्र में करीब 15 से 20 चोरियों को अंजाम दे चुका है। चोरी किए गए ट्रांसफार्मरों को सोलन क्षेत्र के कबाड़ियों को बेचते थे। साथ ही ठियोग के मतियाना में ज्वेलरी की दुकान में हुई करीब 10 लाख के सोने की चोरी में भी यह गिरोह शामिल था। ट्रांसफार्मर चोरी के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को शुक्रवार को ठियोग न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीनों को चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया। दो दिन पहले कोटखाई पुलिस ने ट्रांसफार्मर चोरी के गिरोह का पर्दाफाश किया था। गिरोह के तीन आरोपियों को धर-दबोचा था। पुलिस की प्राथमिक जांच में आरोपी चोरी के मामले में पेशेवर हैं। चोरी गिरोह में शामिल आरोपी कैलाश उर्फ कमलेश, मानसू राम और नरेश कुमार पेशेवर चोर बताए जा रहे हैं। तीनों सोलन जिले के अर्की और ममलीग से हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह पिछले एक वर्ष में क्षेत्र में करीब 15 से 20 चोरियों को अंजाम दे चुका है। चोरी किए गए ट्रांसफार्मरों को यह लोग सोलन क्षेत्र के कबाड़ियों को बेचते थे। यह भी खुलासा हुआ है कि वर्ष 2024 में ठियोग के मतियाना में एक ज्वेलरी की दुकान में हुई करीब 10 लाख के सोने की चोरी में भी यह गिरोह शामिल था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के अन्य साथियों ने भी कई चोरियों की वारदात को अंजाम दिया है। इनके साथ गिरोह में कई अन्य लोगों के भी शामिल होने की आशंका है। कोटखाई के थाना प्रभारी अंकुश ठाकुर ने बताया कि चोरी किए गए सामान की जल्द रिकवरी की जाएगी। आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है। आरोपी सोमवार तक पुलिस रिमांड पर हैं।