100-100 मिलीलीटर की पांच सीलबंद बोतलें जब्त की गईं
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरवा(रोहड़ू)। नेरवा की पुलिस टीम ने जमराड़ी बैरियर के पास नाकाबंदी के दौरान प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप की खेप बरामद की। एक पिकअप वाहन से 100-100 मिलीलीटर की पांच सीलबंद बोतलें जब्त की गईं। पुलिस थाना नेरवा की टीम जमराड़ी बैरियर पर वाहनों की नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान एक पिकअप वाहन को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से पांच सीलबंद प्लास्टिक बोतलें बरामद कीं। इन बोतलों में बिना लेबल वाला प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप होने का संदेह है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया। इसमें एनडीपीएस एक्ट की धारा 22, 25 और 29 लगाई गई हैं। इस संबंध में आरोपी 26 वर्षीय रवि राणा उर्फ बंटी के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। वह नेरवा, जिला शिमला का निवासी है। मामले में एक नाबालिग लड़का भी शामिल पाया गया है, जिसके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि शिमला पुलिस नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चला रही है। इस अभियान के तहत पुलिस लगातार नाकाबंदी और वाहन चेकिंग कर रही है। यह बरामदगी पुलिस के इन प्रयासों की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। पुलिस का लक्ष्य जिले को नशा मुक्त बनाना है। इस तरह की कार्रवाई से नशा तस्करों पर दबाव बढ़ेगा।