सात दिवसीय शिविर में आग की घटना, भूकंप, बाढ़ और भूस्खलन से बचाव पर जवानों को किया प्रशिक्षित
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी सांगला (किन्नौर)। रकछम में सात दिवसीय माउंट ट्रेनिंग स्कीइंग और रेस्क्यू प्रशिक्षण शिविर रविवार को संपन्न हो गया। समापन पर एसपी अभिषेक एस बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। जिला पर्यटन अधिकारी एवं एसडीएम अमित कल्थाइक विशेष रूप से उपस्थित रहे। किन्नौर माउंट ट्रेनिंग स्कीइंग एंड रेस्क्यू एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रद्युमन सिंह नेगी ने मुख्य अतिथियों को सम्मानित किया। इस प्रशिक्षण शिविर में पुलिस और गृह रक्षा के जवानों ने आपदा से निपटने के तरीके सीखे। किन्नौर पुलिस और होमगार्ड के 23 जवानों के साथ एसपी ने अभ्यास के दौरान चर्चा की। एसपी अभिषेक एस ने बेहतर प्रशिक्षण की सराहना करते हुए कहा कि हर वर्ष इस तरह का संयुक्त प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान विकट भौगोलिक परिस्थितियों में माउंट ट्रेनिंग स्कीइंग और रेस्क्यू के साथ सड़क दुर्घटना, आग की घटना, भूकंप, बाढ़ और भूस्खलन समेत अन्य प्राकृतिक आपदाओं के दौरान रेस्क्यू को सफल बनाया जा सके। किन्नौर माउंट ट्रेनिंग स्कीइंग एंड रेस्क्यू एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रद्युमन सिंह नेगी कहा कि यदि हमें जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार की ओर से मदद मिलती है, तो भविष्य में जनजातीय क्षेत्र किन्नौर के तीनों खंडों कल्पा, निचार और पूह की सभी 73 पंचायतों में जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे। जिले भर के युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि स्थानीय युवा प्राकृतिक आपदाओं के दौरान विकट भौगोलिक परिस्थितियों में बेहतर काम कर सकें। नेगी ने जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार से आह्वान किया है कि मजबूती के साथ इस और विशेष ध्यान दें ताकि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान क्षेत्र में घटने वाली घटनाओं के दौरान जान की क्षति को कम किया जा सके। इस मौके पर पर्वतारोही अमित नेगी, सचिव रमन दीप नेगी, सहसचिव कर्म सागर नेगी, कोषाध्यक्ष रोहित नेगी, रजनीश नेगी, अभिषेक नेगी, नीरज नेगी और हेमंत नेगी उपस्थित रहे।
किन्नौर के रकछम में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने वाले होमगार्ड और पुलिस के जवान। संवाद