अब एक ही छत के नीचे सभी वर्गों के बच्चों को मिलेगा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। कुमारसैन क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात मिली है। पीएमश्री जेबीएलके राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल कुमारसैन को नर्सरी से 12वीं कक्षा तक की सीबीएसई की मान्यता मिल गई है। इस निर्णय के बाद अब क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एक ही संस्थान में उपलब्ध होगी। प्रधानाचार्य कमलेश शर्मा ने बताया कि नर्सरी से 5वीं कक्षा तक की कक्षाएं दरबार मैदान के पास डमाड़ी में स्थित सरकारी प्राथमिक विद्यालय कुमारसैन के भवन में संचालित की जाएंगी। 6वीं से 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई पीएमश्री जेबीएलके राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल कुमारसैन में होगी। प्रधानाचार्य ने कहा कि यह पहल क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के नए द्वार खोलेगी। अब तक सीबीएसई मान्यता प्राप्त स्कूलों में केवल कुछ वर्गों के ही बच्चे पढ़ पाते थे, लेकिन अब इस व्यवस्था से हर वर्ग के विद्यार्थियों को समान अवसर मिलेगा। उन्होंने इसे कुमारसैन क्षेत्र के लिए शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर बताया। प्रधानाचार्य कमलेश शर्मा ने कहा कि विद्यालय में सीबीएसई कक्षाएं शीघ्र प्रारंभ की जा रही हैं, ताकि विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उत्कृष्ट मंच मिल सके। उन्होंने सभी अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों का नर्सरी से 12वीं तक प्रवेश करवा सकते हैं, ताकि सरकार की इस नई पहल का अधिकतम लाभ उठाया जा सके।