रामपुर बुशहर। राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय झाकड़ी के खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने चार स्वर्ण समेत कुल सात पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण विद्यालय ने ओवरऑल मेडल प्रदर्शन में जिला स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों ने विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। शिमला के लालपानी में अंडर-19 जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में झाकड़ी विद्यालय के खिलाड़ियों ने बॉक्सिंग, ताइक्वांडो, वेट लिफ्टिंग और कुश्ती में दमखम दिखाया। बॉक्सिंग में सुशांत, विक्रम ने स्वर्ण पदक और मोक्ष ने रजत पदक हासिल किया। ताइक्वांडो में ऋषभ ने स्वर्ण और आशीष ने कांस्य पदक जीता। वेट लिफ्टिंग में अंकुश ने स्वर्ण पदक हासिल किया। कुश्ती में अंकुश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। विद्यालय के खिलाड़ियों ने वोकेशनल ट्रेनिंग के मार्गदर्शक रोहन शर्मा के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में भाग लिया। रोहन शर्मा ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की।