मंदिर कमेटियों के सहयोग से लाखों पौधे रोपने की योजना तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू।
देवता शिकडू महाराज के सानिध्य में राज्य स्तरीय रोहड़ू मेले का आयोजन होने जा रहा है। इस बार मेले में पर्यावरण संरक्षण पहल की जा रही है। रोहड़ू मेला कमेटी ने देव समाज के सहयोग से उपमंडल में हरित आवरण बढ़ाने का संकल्प लिया है। इसके तहत बड़े स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं एसडीएम रोहडू धर्मेश रामोत्रा ने बताया कि इस अभियान को देव परंपराओं से जोड़कर गांव-गांव के आराध्य देवताओं के संरक्षण और मार्गदर्शन में आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभिन्न मंदिर कमेटियों के सहयोग से लाखों पौधे लगाने की योजना तैयार की गई है। इस मुहिम का विधिवत और सांकेतिक शुभारंभ 19 अप्रैल को रोहड़ू मेले के पहले दिन रामलीला मैदान से किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि आगामी बरसात के मौसम में विशेष योजना के तहत वन विभाग और मंदिर कमेटियों के संयुक्त प्रयास से पौधरोपण और उसके संरक्षण को गति दी जाएगी। शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय के चांशल सम्मेलन कक्ष में एक बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता एसडीएम धर्मेश रामोत्रा ने की। बैठक में डीएफओ एन. रविशंकर, डीएसपी प्रणव चौहान सहित विभिन्न देवताओं की मंदिर कमेटियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। एसडीएम ने कहा कि रोहड़ू मेला परंपरागत रूप से आस्था, व्यापार और मनोरंजन का केंद्र रहा है, लेकिन अब इसे सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस पहल में स्थानीय सामाजिक संस्था ‘दा दयार’ एनजीओ भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस अभियान के तहत सरकारी और निजी भूमि पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा। देव समाज के प्रतिनिधियों ने इस पहल का समर्थन करते हुए इसे सफल बनाने का संकल्प लिया है।