. नए छात्रों के लिए सृजन 2026 कार्यक्रम का हुआ आयोजन
. कॉलेज में अनुशासन, शैक्षणिक माहौल बनाए रखें विद्यार्थी : ठाकुर
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग(रामपुर बुशहर)।
ठियोग कॉलेज में वीरवार को प्रथम सेमेस्टर के बीए, बीकॉम और बीएससी के नए विद्यार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर पार्टी सृजन-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सैकड़ों विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. भूपिंदर सिंह ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। नए विद्यार्थियों के स्वागत के लिए गायन, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसमें मॉडलिंग प्रतियोगिता विद्यार्थियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। मॉडलिंग प्रतियोगिता के अंतर्गत रैंप वॉक, प्रतिभा प्रदर्शन और प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किए गए। विभिन्न चरणों के आधार पर पियूष को मिस्टर फ्रेशर और स्नेहा को मिस फ्रेशर चुना गया। छात्रों की श्रेणी में सूर्यांश शर्मा प्रथम और वंशज द्वितीय रनर अप बने। छात्राओं में दीक्षा ने प्रथम और अनामिका द्वितीय मिस रनर अप चुनी गई। ध्रुव कांत को मिस्टर पर्सनैलिटी और आयुषी को मिस पर्सनैलिटी, तुषार मिस्टर और दिव्यांशी को मिस टैलेंटेड चुना गया। अनमोल मिस्टर और अदिती को मिस अटायर के खिताब से सम्मानित किया गया। प्राचार्य डॉ. भूपिंदर सिंह ठाकुर ने प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार में स्वागत किया। महाविद्यालय की डीन छात्र कल्याण डॉ. अनीता राठौर ने भी नए छात्रों का स्वागत किया और कॉलेज की हर गतिविधि में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।