. पाइपलाइन सड़क से 15 मीटर ऊपर स्थित थी, पोकलेन मशीन का लिया सहारा
विज्ञापन
. जल शक्ति विभाग ने चुनौतीपूर्ण अभियान चलाकर पेयजल आपूर्ति बहाल की संवाद न्यूज एजेंसी नेरवा (रोहड़ू)। भारी बारिश के कारण नेरवा के पास भूस्खलन हुआ। इससे कस्बे को पेयजल उपलब्ध करवाने वाली मुख्य पाइपलाइन का करीब 300 मीटर हिस्सा टूट गया। जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों ने जान जोखिम में डालकर उसी रात पेयजल आपूर्ति को बहाल किया। देर रात डेढ़ से अढ़ाई बजे तक मरम्मत कार्य पूरा किया। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से नेरवा शहर की जलापूर्ति बाधित हो गई थी। विभाग को पूरी पाइपलाइन का पुनर्निर्माण करना पड़ा। मरम्मत कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण और जोखिमभरा था। पाइपलाइन सड़क से लगभग 15 मीटर ऊपर स्थित थी, जिसे पोकलेन मशीन से तैयार किया गया था। ऐसे में पारंपरिक तरीके से कार्यस्थल तक पहुंचना संभव नहीं था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने पोकलेन मशीन का उपयोग किया। वेल्डिंग मशीन, जनरेटर, वेल्डर और कर्मचारियों को पोकलेन के बकेट से ऊपर पहुंचाया गया। कर्मचारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर देर रात डेढ़ से अढ़ाई बजे तक मरम्मत कार्य पूरा किया। इसके बाद सभी कर्मचारियों को सुरक्षित नीचे उतारा गया। जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता रजनीश वर्मा ने इस अभियान को अत्यंत जोखिमपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि जरा-सी चूक भी जानलेवा साबित हो सकती थी। कर्मचारियों ने अपने कर्तव्य को सर्वोपरि रखा और कठिन परिस्थितियों में कार्य किया। इससे नेरवा के लोगों को समय पर पेयजल मिल सका। पूरे अभियान के दौरान रजनीश वर्मा, सहायक अभियंता कंवर सिंह और कनिष्ठ अभियंता जय करण मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने लगातार कार्य की निगरानी की। रजनीश वर्मा ने कर्मचारियों की समर्पण भावना और साहस की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जाना चाहिए, ताकि उनका मनोबल बढ़े।
नेरवा बाजार की टूटी लाईन की मरम्मत में रात भर लगे जल शक्ति विभाग के मजदूर एव कर्मचारी। संवाद