शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर सोमवार को हाटकोटी मंदिर में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। इस दौरान मंदिर में सुबह 6:00 बजे से श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया था। इस दौरान मंदिर के लंगर भवन में दिन भर भंडारे का आयोजन भी किया गया। माता के दर्शनों के लिए आने श्रद्धालुओं को परेशानियां पेश न आए, इसके लिए मंदिर न्यास कमेटी की ओर से उचित प्रबंध किए गए थे। नवरात्र के लिए हाटकोटी मंदिर को फूल-मालाओं से सजाया गया है।
सोमवार को अष्टमी पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। इससे श्रद्धालुओं को मंदिर में माता के दर्शन के लिए काफी इंतजार करना पड़ा। दिनभर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मंदिर में शीश नवाकर मां आशीर्वाद प्राप्त किया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर परिसर में होमगार्ड के जवान तैनात किए गए थे। इसके साथ मंदिर के बाहर ट्रैफिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस के जवान तैनात रहे।
नवरात्र पर मंदिर परिसर के बाहर दुकानें भी सजी हुई थी, जहां पर लोगों ने खरीदारी भी की। मंदिर न्यास कमेटी के अध्यक्ष और एसडीएम जुब्बल राजीव सांख्यान ने बताया कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए उचित प्रबंध किए गए थे।