कोटखाई (रोहड़ू)। उप मंडल कोटखाई में पशु मित्र के छह पदों के लिए कुल 57 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। इन पदों के चयन के लिए शारीरिक परीक्षण का आयोजन 25 फरवरी को सुबह 10:00 बजे डीएवी कॉलेज मैदान कोटखाई में किया जाएगा। उपमंडल अधिकारी कार्यालय ने बताया कि अभ्यर्थियों को सूचना डाक और व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से भेजी जा रही है। यदि किसी अभ्यर्थी को समय पर सूचना प्राप्त नहीं होती है, तो वह वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी कार्यालय ठियोग में किसी भी कार्यदिवस को 24 फरवरी शाम 4:00 बजे तक संपर्क कर सकता है। शारीरिक परीक्षण के अंतर्गत अभ्यर्थियों को 25 किलोग्राम वजन को 100 मीटर की दूरी तक 1 मिनट के भीतर उठाकर ले जाना अनिवार्य होगा। साथ ही अभ्यर्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित समय से कम से कम 30 मिनट पूर्व, वैध फोटोयुक्त पहचान पत्र सहित परीक्षा स्थल पर उपस्थित रहें। निर्धारित तिथि एवं समय पर अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को अनुपस्थित माना जाएगा और उन्हें कोई अतिरिक्त अवसर नहीं दिया जाएगा। शारीरिक परीक्षण से संबंधित उप समिति का निर्णय अंतिम एवं बाध्यकारी होगा।