रोहड़ू। उपमंडल जुब्बल और राेहड़ू में पशु मित्रों की भर्ती के लिए अभ्यर्थियों का शारीरिक परीक्षण लिया जाना था, जो किसी कारणवश रद्द कर दिया है। जुब्बल में 24 फरवरी को और रोहड़ू में 18, 19 फरवरी को शारीरिक परीक्षण लिया जाना था। शारीरिक परीक्षण के अंतर्गत अभ्यर्थियों को 25 किलोग्राम वजन को उठाकर एक मिनट के भीतर 100 मीटर की दूरी तक ले जाना अनिवार्य था। अब पशु पालन विभाग की ओर से भर्ती प्रक्रिया में नए निर्देश जारी किए जाने हैं। उपमंडलीय पशु चिकित्सा अधिकारी डाॅ. मोहिंद्र ठाकुर ने बताया कि जुब्बल और रोहड़ू में पशु मित्र भर्ती के लिए शारीरिक परीक्षण लिया जाना था। इसकी तारीख भी तय की गई थी, लेकिन किसी कारण इसे रद्द करना पड़ा है। अब विभाग की ओर से एसओपी जारी होने के बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी।