लाडा अध्यक्ष कुल्लू सुंदर सिंह ठाकुर से मिले देहरा पंचायत के जन प्रतिनिधि। संवाद
. लाडा अध्यक्ष सुंदर सिंह ठाकुर से मिलकर देहरा पंचायत के प्रतिनिधियों ने उठाई मांग
. लूहरी परियोजना प्रभावित से मिलने वाली लाडा राशि को लेकर हुई चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। सतलुज नदी पर निर्माणाधीन एसजेवीएन की लूहरी परियोजना के अधिकतर कार्य देहरा पंचायत में हो रहे हैं। इस लिहाज से प्रभावित देहरा पंचायत को ही सबसे अधिक राशि मिलनी चाहिए। देहरा पंचायत के प्रतिनिधियों ने लाडा अध्यक्ष कुल्लू सुंदर सिंह ठाकुर से मिलकर लाडा की 70 प्रतिशत राशि जिला कुल्लू में खर्च करने की मांग उठाई है। जनप्रतिनिधियों ने परियोजना की ओर से किए जा रहे विभिन्न कार्यों के बारे में भी ठाकुर से चर्चा की। देहरा पंचायत के पंचायत प्रतिनिधियों, जिला शिकायत निवारण कमेटी के सदस्य जितेंद्र पॉल ठाकुर, उपप्रधान ग्राम पंचायत देहरा ओम प्रकाश, बीडीसी सदस्य नित्थर और देहरा सुरेंद्र पॉल ने लाडा अध्यक्ष सुंदर सिंह ठाकुर से मुलाकात की। उन्होंने लूहरी परियोजना से जिला कुल्लू को मिलने वाली राशि के आवंटन बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा कि जिला कुल्लू में इस राशि का 70 प्रतिशत हिस्सा कुल्लू जिले को मिलना चाहिए, क्योंकि देहरा पंचायत लूहरी हाइड्रो प्रोजेक्ट से सबसे ज्यादा प्रभावित पंचायत है। परियोजना का सारा काम इसी पंचायत में चल रहा है, जबकि टनल भी देहरा पंचायत के ठीक नीचे बनी हुई है। लाडा की मिलने वाली राशि पर सबसे ज्यादा हक देहरा पंचायत का है। उन्होंने कहा कि परियोजना निर्माण से सबसे अधिक प्रभावित देहरा पंचायत हुई है। उन्होंने प्रभावितों को राहत पहुंचाने के लिए इस मांग को जल्द सिरे चढ़ाने की अध्यक्ष से गुहार लगाई है। उधर, लाडा अध्यक्ष सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाएगा। सभी प्रभावित पंचायतों को साथ लेकर इस लड़ाई को आगे लड़ा जाएगा।