सर्दियों के मौसम में बिजली कट बने परेशानी का सबब
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। कोटखाई उपमंडल के अंतर्गत नगर पंचायत और आसपास की कई पंचायतों में बिजली कटों से ग्रामीण परेशान हैं। सर्दियों के मौसम में लग रहे बिजली कट लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। आलम यह है कि दिनभर एक दर्जन से अधिक बिजली कट लग रहे हैं। कई दिनों से कोटखाई क्षेत्र में बिजली की सेवाएं सुचारु रूप से नहीं चल रही हैं। सबसे अधिक बिजली कट सुबह और शाम के समय लग रहे हैं। बिजली की लचर सेवाओं से क्षेत्रवासी काफी परेशान हैं। हल्की बारिश होने पर ही बत्ती गुल हो जाती हैं। सर्दियों के मौसम में अधिक दिक्कतें पेश आ रही हैं। रोजाना एक दर्जन से अधिक अघोषित बिजली कट लग रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने मांग उठाई है कि बिजली कटों की समस्या का समाधान किया जाए। विद्युत उपमंडल कोटखाई के सहायक अभियंता वरुण धीमान ने बताया कि कोटखाई के लिए जतोग से पूरा लोड नहीं आ रहा है। इस कारण बिजली कट लगाने पड़ रहे हैं। जब तक लोड पुरा नहीं आता बिजली कट लगते रहेंगे।