अघोषित कटों से ग्रामीण परेशान, सोमवार रात से क्षेत्र में नहीं बिजली
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। उपतहसील नित्थर के लोग बिजली समस्या से परेशान हैं। यहां हल्की सी हवा चलने पर भी बिजली गुल हो जाती है। सोमवार को सारा दिन बिजली की आंख-मिचौली चलती रही। सोमवार रात को क्षेत्र में बिजली गुल रही। मंगलवार को भी बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही। लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय व्यापारी प्रदीप रंगून, सिंकदर ठाकुर और प्रवीण कुमार ने बताया कि सबसे ज्यादा परेशानी फर्नीचर और वेल्डर के दुकानों में हुई। सोमवार की शाम को देहरा पंचायत के आनस और शनाह में बिजली पूरी रात बंद रही। नित्थर पंचायत के कई गांवों में बिजली नहीं थी। सर्दियां आ रही है और बिजली व्यवस्था चरमराने लगी है। पहले बरसात की वजह से नित्थर के चेबड़ी गांव में ट्रांसफार्मर गिरने के कगार पर था, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों और विद्युत बोर्ड के कर्मचारियों ने जुगाड़ से ट्रांसफार्मर को रस्सी से बांधा हुआ है। यह ट्रांसफार्मर कभी भी गिर सकता है। इसे दुरुस्त करने का कार्य जल्द शुरू होना चाहिए। उन्होंने प्रशासन और विद्युत बोर्ड से बिजली व्यवस्था सुधारने की की मांग उठाई है। विद्युत बोर्ड नित्थर के सहायक अभियंता भूषण ठाकुर ने बताया कि सोमवार को विद्युत लाइन में खराबी आने से आपूर्ति बाधित रही। मंगलवार को कोटला 66/22 केवी सब स्टेशन में जरूरी रख-रखाव की वजह से नित्थर और आनी के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही।