रामपुर बुशहर। हिमाचल प्रदेश के सभी अस्पतालों में अर्द्ध सैनिक बल के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को निशुल्क स्वास्थ्य सुविधा मिले। साथ ही मेडिकल भत्ता प्रति माह पांच हजार रुपये की मांग उठाई है। यह बात इंडियन पैरामिलिट्री एक्स सोल्जर वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक में अध्यक्ष एनडी बेश्टू ने कही। मंगलवार को रामपुर के सर्किट हाउस में आयोजित एसोसिएशन की बैठक में इन मुद्दों पर चर्चा की गई। इसमें लंबे समय से समस्याओं का समाधान नहीं होने से केंद्र सरकार के प्रति रोष जताया गया।
समिति के अध्यक्ष एनडी बेश्टू ने कहा कि समय-समय पर अतिरिक्त पेंशन लाभ, मेडिकल भत्ता, निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं सहित अन्य कई मांगें सरकार के समक्ष रखी गईं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। बैठक में अतिरिक्त पेंशन लाभ 80 वर्ष की जगह 70 वर्ष करने की मांग भी उठाई गई। इसके अतिरिक्त 65 वर्ष की आयु पूरी होने पर पांच प्रतिशत, 10 प्रतिशत और 15 प्रतिशत का लाभ देने की मांग भी रखी गई।
इसके अलावा अर्द्ध सैनिक बल सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मुफ्त मेडिकल सहायता हिमाचल के सभी मेडिकल अस्पतालों में प्रदान करने और इसका वित्तीय खर्चा केंद्र सरकार से स्वीकृत करने की मांग उठाई है। इस मौके पर एलआर चौहान, दुर्गा चौहान, डीजे खिंगटा, एलआर मेहता, टीडी देष्टा, संसार कायथ, रतन भारद्वाज, कलम ठाकुर, सोहन लाल, रोशन लाल, मोहन नेगी, कृष्णा देवी और रेशमा देवी के अलावा अन्य उपस्थित रहे।
खनेरी अस्पताल में बंद अल्ट्रासाउंड सुविधा का मुद्दा गरमाया
बैठक में समिति के सदस्यों ने खनेरी अस्पताल में ठप पड़ी अल्ट्रासाउंड की सुविधा पर भी रोष जताया है। अस्पताल में यह सुविधा नहीं होने से हजारों मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समिति ने प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग से जल्द खनेरी अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा मुहैया करवाने की मांग उठाई है।
कैंटीन सुविधा का उठाया लाभ
बैठक के बाद सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनके परिजनों के लिए सर्किट हाउस में समिति ने कैंटीन की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से आए सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने सस्ते दरों पर सामान खरीदा।