लंबित भुगतान, 15 प्रतिशत डीए, संगठन विस्तार पर होगा मंथन
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ब्लॉक कुमारसैन की 13 अक्तूबर को कुमारसैन में बैठक होगी। बैठक पूर्वाह्न 11:00 बजे शुरू होगी। बैठक में क्षेत्र के पेंशनरों से जुड़े विभिन्न लंबित और महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। बैठक में वर्ष 2016 से जनवरी 2022 तक सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों की बकाया राशि से संबंधित मामले पर चर्चा की जाएगी। सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले विभिन्न वित्तीय लाभों और लंबित भुगतानों से लेकर आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा। पेंशनरों के लिए लंबित 15 प्रतिशत महंगाई भत्ते (डीए) से संबंधित मुद्दा बैठक में उठाया जाएगा। ब्लॉक कुमारसैन की ओर से हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन जॉइंट फ्रंट के प्रदेशाध्यक्ष आत्मा राम शर्मा और उनकी समस्त कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दी गई हैं। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि पेंशनरों के हितों से जुड़े मामलों को सामूहिक रूप से उठाने और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। पेंशनरों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर प्रभावी ढंग से अपनी आवाज उठाना आवश्यक है। बैठक में उपस्थित पेंशनरों से उनके व्यक्तिगत और सामूहिक मुद्दों की जानकारी लेकर उन्हें उचित मंच पर उठाने की दिशा में निर्णय लिए जाएंगे। पदाधिकारियों ने सभी पेंशनरों से अपील की है कि 13 अक्तूबर को निर्धारित समय पर बैठक में पहुंचे। सभी अपने सुझाव साझा करें, जिससे संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ पेंशनर्स के लंबित मामलों के समाधान के लिए प्रभावी रणनीति तैयार की जा सके।