पेंशनर्स संघ ने बैठक में कारण बताओ, नोटिस जारी करने का लिया फैसला
11 जुलाई को होगी बैठक, चुनाव भी होंगे संपन्न
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। पेंशनर्स कल्याण संघ रामपुर खंड की कार्यकारिणी एवं जोन प्रभारी की बैठक सोमवार को रामपुर में हुई। अध्यक्षता लोक निर्माण विभाग रामपुर खंड के अध्यक्ष सुदामा राम मेहता ने की। बैठक में संघ के ही कुछ शरारती तत्वों की ओर से रामपुर शहरी जोन का असंवैधानिक रूप से दो फाड़ कर सीटी जोन के रूप में गठन करने पर रोष जताया गया। साथ ही संगठन के चुने हुए पदाधिकारियों के खिलाफ सोशल मीडिया में अभद्र टिप्पणी करने पर निंदा की गई। सदस्यों ने ऐसे लोगों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने और कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्णय लिया। बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में रामपुर पेंशनर्स कल्याण खंड की कार्य अवधि 27 जून को पूर्ण हो रही है, इस पर चर्चा की गई। साथ ही 45 दिन का कार्यकाल बढ़ाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। 11 जुलाई को आम सभा का आयोजन करने का फैसला भी लिया गया और इसी दिन चुनाव प्रक्रिया भी संपन्न हो सकती है। बैठक में सत्र 2023-2024 कर आय-व्यय का ब्योरा रखा गया। बैठक गानवी, सरपारा, ज्यूरी, सराहन, देवठी, दत्तनगर, बाहली, डंसा और रामपुर शहरी जोन प्रभारियों ने विशेष रूप से मौजूद रहे। इस मौके पर वीर सिंह कपूर, अमरसेन रोल्टा, कृष्ण कुमार, राजेंद्र पालसरा, शशि बाला नेगी, तुलसी राम, दर्शन दास, कृपाल नेगी, बीआर भंडारी सहित कई अन्य मौजूद रहे।