रामपुर बुशहर। रामपुर के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में शुक्रवार को पुरुष सहभागिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों के पिताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरक आहार की रेसिपी प्रतियोगिताओं में प्रतिभा दिखाई। कार्यक्रम में पिताओं ने न केवल पौष्टिक व्यंजन बनाए, बल्कि बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को लेकर सामुदायिक संकल्प भी लिया। संकल्प में यह निर्णय लिया कि सभी पिता अपने बच्चों के संतुलित आहार, समय पर टीकाकरण और नियमित स्वास्थ्य जांच में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने बताया कि इस प्रकार की पहल से पुरुषों में बच्चों के पोषण एवं देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा। बाल विकास परियोजना अधिकारी शशि ठाकुर ने बताया कि राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। लोगों को पोषण और संतुलित आहार के बारे में जागरूक किया जा रहा है। संवाद