शिकारी काली माता मंदिर में वृक्षारोपण के दोरान छायाचित्र l
शिकारी काली माता मंदिर के आसपास विभिन्न प्रजाति के रोपे सैकड़ों पौधे
संवाद न्यूज एजेंसी
डंसा (रामपुर बुशहर)। नोग वैली की करीब नौ हजार फीट ऊंचाई पर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक आस्था का केंद्र बने शिकारी काली माता मंदिर के आसपास सोमवार को परशुराम मंदिर समिति और युवकों ने पौधरोपण अभियान चलाया। अभियान के तहत शिकारी काली माता मंदिर के आसपास विभिन्न प्रजातियों के सैकड़ों पौधे रोपे। परशुराम मंदिर समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ कराली, जगुणी और सनेई के युवा ने अपना भरपूर सहयोग दिया। युवाओं ने मंदिर के चारों तरफ देवदार और अन्य प्रजातियों के पौधे रोपे। मंदिर परिसर में फूल भी रोपे गए। देवता साहिब दमुख के निर्देशानुसार मंदिर समिति और दशोटी के लोगों ने लगातार सूखे की स्थिति से निपटने के सिलसिले में रविवार को शिकारी काली माता मंदिर जाने की हामी भरी और पौधा रोपण अभियान चलायाl वहीं इस दौरान मंदिर में शीश नवाया और माता का आशीर्वाद लिया। इस अभियान में परशुराम मंदिर समिति प्रधान खेल चंद नेगी, उप प्रधान गौरी दत्त नेगी, महासचिव जीएल डमालू, सचिव ज्ञान हुडन, कार्यकारिणी सदस्य रूप दास, भगत, राम, जानकी दास, किशोरी लाल, अमित मेहता, ईश्वर सिंह, टिक्कम नेगी, सुजान नेगी, अमन, अंकुश, काकू नेगी, सुदीप, यशपाल, शिशी और दुष्यंत मेहता सहित अन्य युवा उपस्थित रहे l
- संवाद