खशाधार टीम ने जीती खौश प्रीमियर लीग पंचायत स्तरीय क्रिकेट स्पर्धा। संवाद
चिड़गांव में पंचायत स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता संपन्न
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। नवयुवक मंडल खशाधार की ओर से चिड़गांव में आयोजित खौश प्रीमियर लीग संपन्न हो गई है। पंचायत स्तरीय इस क्रिकेट प्रतियोगिता में खशाधार टीम ने विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। फाइनल मुकाबला सीएमसी खशाधार और जेबीएससी सुंडली के बीच खेला गया। सुंडली की टीम ने बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित आठ ओवरों में छह विकेट खोकर 56 रन बनाए। सुंडली की ओर से दिव्यांश ने 19 रन बनाए। खशाधार की टीम ने चार ओवरों में एक विकेट खोकर लक्ष्य प्राप्त किया। खशाधार ने नौ विकट से जीत हासिल कर विजेता ट्राॅफी हासिल की। खशाधार की ओर से सुधीर ने 23, मनीष ने 19, अंशुल ने 13 रन बनाए। फाइनल के मैन ऑफ द मैच खशाधार टीम के निखिल को दिया गया। विजेता टीम को 2,26,226 रुपये की राशि ट्रॉफी समेत और उपविजेता टीम को 1,11,111 रुपये की राशि दी गई। मैन ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार सुंडली टीम के अमित को दिया गया। बेस्ट क्षेत्ररक्षक का खिताब धार टीम के कार्तिक, बेस्ट विकेटकीपर खशाधार टीम के मनोज, बेस्ट बल्लेबाजी का खिताब सुंधा टीम के आदर्श को दिया गया। बेस्ट गेंदबाज खशाधार टीम के आकाश रहे।