पावर सप्लाई बहाल होते ही अचानक करंट की चपेट में आया 27 साल का युवक
आईटीआई जुब्बल के पास पेश आया हादसा, अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। जुब्बल उपमंडल में आईटीआई के पास बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान करंट लगने से आउटसोर्स कर्मी की मौत हो गई। मरम्मत का काम पूरा होने के बाद जैसे ही पावर सप्लाई बहाल की गई, कर्मी बिजली की चपेट में आ गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने अस्पताल पहुंचते ही उसे मृत घोषित कर दिया। 27 वर्षीय हिमांशु चौहान बिजली बोर्ड में बतौर आउटसोर्स कर्मचारी कार्यरत था। यह हादसा वीरवार शाम को जुब्बल आईटीआई गेट के पास हुआ। जब वह ड्यूटी के दौरान नियमित लाइन की मरम्मत का काम कर रहा था। हिमांशु मूल रूप से जुब्बल के परौंठी गांव का रहने वाला था और पिछले कुछ समय से आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में सेवाएं दे रहा था। हादसे की सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि मरम्मत कार्य समाप्त होने के तुरंत बाद बिजली बहाल होते ही लाइन में अचानक करंट प्रवाहित हो गया, जिसके संपर्क में आते ही हिमांशु बुरी तरह झुलस गया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि कार्यस्थल पर सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध थे या नहीं। वहीं, विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता कर्ण की शिकायत पर थाना जुब्बल में मामला दर्ज किया गया है। उधर, रोहड़ू के डीएसपी प्रणव चौहान ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।