दिवंगत केसर सिंह क्रिकेट क्लब बतूना की ओर से आयोजित ग्रामीण स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारं
बतूना में मुख्य अतिथि ने रिबन काटकर किया जोशी कप का शुभारंभ
विजेता टीम को 80 हजार और ट्रॉफी से सम्मानित करेगा क्लब
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। स्वर्गीय केसर सिंह क्रिकेट क्लब बतूना की ओर से आयोजित ग्रामीण स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हो गई है। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर एसबीआई के उप प्रबंधक प्रदीप कुमार बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। पहले दिन आउटर सिराज और बजाज फाइनांस ने मुकाबले जीते। वहीं, भाजपा ग्राम केंद्र अध्यक्ष नोगली सुरेश रोथला विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। आयोजक कमेटी के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथियों का जोरदार स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने रिबन काटकर जोशी कप का विधिवत शुभारंभ किया। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर पहला मैच बालना इलेवन और आउटर सिराज के मध्य खेला गया। बालना ने पहले खेलते हुए निर्धारित आठ ओवर में 36 रन बनाए। जवाबी पारी खेलने उतरी आउटर सिराज की टीम ने 2.5 ओवर में लक्ष्य हासिल किया। इसके अलावा दूसरा मैच बजाज फाइनांस और टनसेरी के बीच खेला गया, जिसमें बजाज फाइनांस ने पहले खेलते हुए निर्धारित आठ ओवर में 126 रन का विशाल लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टनसेरी की टीम 64 रन पर ही ढेर हो गई। मुख्य अतिथि ने आयोजक कमेटी की सराहना करते हुए कहा कि समय-समय पर ऐसे आयोजन होने चाहिए, ताकि युवाओं का रुझान खेलकूद की ओर बढ़े और नशे से दूर रहे। वहीं, उन्होंने ग्रामीणों को एसबीआई बैंक की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी प्रदान की। उन्होंने ग्रामीणों को कृषि ऋण, पशुपालन से संबंधित ऋण सहित सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं बारे जागरूक किया। विजेता टीम को 80 हजार रुपये की नकद राशि और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, उपविजेता टीम को 40 हजार रुपये और ट्रॉफी भेंट की जाएगी। प्रतियोगिता में 64 टीमों के खिलाड़ी दमखम दिखा रहे हैं। मुख्य अतिथि ने आयोजक कमेटी के लिए 11 हजार की प्रोत्साहन राशि भेंट की। इस मौके पर क्लब के अध्यक्ष जेपी स्नेही, उपाध्यक्ष रणजीत जोशी, सचिव दीपक जोशी, कोषाध्यक्ष अजय जोशी, सुशील स्नेही, रमेश जोशी, शेर सिंह, कृष्ण गोपाल, साहिल जोशी, बिशंबर दत्त, पवन स्नेही और राजेश स्नेही सहित अन्य मौजूद रहे।
- संवाद