फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur Bushahar News: चौपाल में खुले में आग लगाने पर लगा प्रतिबंध

विज्ञापन
विज्ञापन
प्रशासन ने आदेश किया जारी, समिति करेगी निगरानी
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल(रोहड़ू)। सर्दियों में सेब के बगीचों और खेतों में आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है। इसे लेकर चौपाल प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। एसडीएम कार्यालय की ओर से मंगलवार को खुले में आग लगाने पर तत्काल प्रभाव से पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। आग लगाने वालों पर अब गांव की कमेटियां नजर रखेंगी। ये कमेटियां सुबूत के साथ सूचनाएं प्रशासन को देंगी। यह कार्रवाई स्थानीय युवा सामाजिक कार्यकर्ता विशाल चौहान की पहल पर की गई है। विशाल ने 19 दिसंबर को एक प्रार्थना पत्र देकर प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया था। उन्होंने बताया कि किसान और बागवान बगीचों में काट-छांट के बाद टहनियों और झाड़ियों को जलाते हैं, जिससे आग जंगलों तक पहुंच जाती है। इसके बाद अब बहुविभागीय समिति क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए बनाई गई है। यह नौ सदस्यीय निगरानी समिति वार्ड स्तर पर कार्य करेगी। इसमें ग्राम पंचायत के प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य, थाना प्रभारी, पटवारी हल्का, वन रक्षक, पंचायत सचिव, कृषि और बागवानी विशेषज्ञ शामिल हैं। प्रशासन की ओर से समिति को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि किसी भी कीमत पर आग न लगने पाए। कार्यालय आदेश में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि इस प्रकार का कोई भी मामला संज्ञान में आता है, तो गठित समिति तुरंत सूचना प्रेषित करेगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। आदेश में कहा गया है कि इसका मुख्य उद्देश्य वन संपदा और पर्यावरण को बचाना है। प्रशासन की ओर से आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें