स्थानीय क्षेत्र विकास निधि के तहत परियोजनाओं ने जारी की एक प्रतिशत राशि
2021 से 2025 तक के 28.19 लाख रुपये सरकार के पास लंबित
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
उपमंडल रामपुर में बनी जल विद्युत परियोजनाएं राष्ट्र निर्माण में अपना अहम योगदान दे रही हैं। विस क्षेत्र में बनी कुल 9 जल विद्युत परियोजनाएं स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (एलएडीएफ) के तहत प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के उत्थान में अहम भूमिका निभा रही हैं। उपमंडल में अभी तक इस योजना के तहत करीब 72.88 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है, जबकि 28.19 लाख रुपये की राशि अभी लंबित है। एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र में संचालित जलविद्युत परियोजनाओं से पोस्ट कमीशनिंग के बाद 1 प्रतिशत स्थानीय क्षेत्र विकास निधि के तहत वित्तीय वर्ष 2011-12 से 2024-25 तक ऊर्जा विभाग को करीब 72.88 करोड़ की राशि प्राप्त हुई है। इस अवधि में सबसे अधिक 65.0818 करोड़ की राशि रामपुर जलविद्युत परियोजना से ही प्राप्त हुई है। इसके अलावा कूट परियोजना से 2.4601 करोड़, अपर नांति से 1.1520 करोड़, जोगनी से 1.0372 करोड़ और जोगनी-2 से 0.8983 करोड़ की राशि प्राप्त हुई है। साथ ही लोअर नांति से 0.8943 करोड़, ज्यूरी से 0.6084 करोड़, करेरी से 0.4868 करोड़ और कोटागाड परियोजना से 0.2638 करोड़ की राशि प्राप्त हुई है। सतलुज नदी पर बनी 412 मेगावाट रामपुर जल विद्युत परियोजना बायल से अब तक दत्तनगर के 343 परिवारों के लिए 1 प्रतिशत मुफ्त बिजली के तहत साल 2016-17 से 2020-21 तक कुल रकम 3.94 करोड़ रुपये, जबकि 2021-22 से 2025-26 तक की 28.19 लाख रुपये की राशि सरकार के पास लंबित है।