निरमंड के भाटनाली में दुर्घटनाग्रस्त हुई कार।
- फोटो : RAMPUR-HP
आनी (कुल्लू)। पुलिस थाना निरमंड के तहत अरसू-कुडाकोड सड़क पर भाटनाली गही में वीरवार रात एक ऑल्टो कार (एचपी 92-1835) हादसे का शिकार हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए हैं। तीन घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार वीरवार रात करीब नौ बजे अरसू-कुडाकोड सड़क से गुजर रहे कथांडा गांव के मस्त राम ने पहाड़ी के नीचे से चीखो-पुकार की आवाजें सुनीं। इस पर उसने गाड़ी रोकी और उतरकर देखा तो सड़क से नीचे एक कार गिरी हुई थी। उसने तुरंत स्थानीय लोगों को घटना की सूचना दी और बचाव अभियान चलाया। मस्त राम ने बताया कि कार में पांच व्यक्ति सवार थे, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से सड़क तक पहुंचाया और यहां से 108 एंबुलेंस और निजी वाहन में नागरिक अस्पताल निरमंड पहुंचाया।
हादसे में 39 वर्षीय सुंदर भंडारी पुत्र काली राम, निवासी रचोली, तहसील रामपुर, जिला शिमला को मृत घोषित किया गया। जबकि सुंदर भंडारी की 36 वर्षीय पत्नी शांति देवी, 14 वर्षीय बेटी एब्रील, 10 वर्षीय बेटा सैमोयल और चालक ओम प्रकाश (38) पुत्र मानदास का सिविल अस्पताल निरमंड में प्राथमिक उपचार किया गया।
गंभीर रूप से घायल शांति देवी, एब्रील और सैमोयल को रामपुर के खनेरी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उनकी गंभीर हालात को देखते हुए उन्हें रामपुर से आईजीएमसी अस्पताल शिमला भेज दिया गया है। उधर, डीएसपी आनी रविंद्र नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है।