रोहड़ू। दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (डीडीयू-जीकेवाई) के तहत विकास खंड रोहड़ू में पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर लगाया गया। शिविर की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी देवी दयाल सरन ने की। शिविर में युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान राज्य परियोजना प्रबंधन इकाई के सचिन शर्मा ने योजना के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली और विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि अपने क्षेत्रों में पात्र युवाओं की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। खंड विकास अधिकारी देवी दयाल सरन ने कहा कि ग्रामीण युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल प्रशिक्षण देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में युवाओं को योजना के प्रति जागरूक करने और अधिक से अधिक पात्र युवाओं को इसका लाभ दिलाने का आह्वान किया। शिविर में संदीप चटान्टा (एमई), मीनाक्षी चौहान (डीएफएम), पंकज कुमार (एसी), चारू (एमआईएस) सहित विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। शिविर के अंत में योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए आपसी समन्वय और सक्रिय सहयोग पर जोर दिया गया।