कुपवी के दुर्गम गांवों में पेयजल संकट का जायजा लेने पहुंचे अधिकारी
. जल शक्ति विभाग की टीम ने पांच पंचायतों का किया दौरा
. दो करोड़ की उठाऊ पेयजल योजना का भी लिया जायजा
संवाद न्यूज़ एजेंसी
नेरवा(रोहड़ू)। उपमंडल कुपवी के दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में गहराते पेयजल संकट के समाधान के लिए जल शक्ति विभाग की टीम ने दौरा किया। जल शक्ति मंडल नेरवा के अधिशासी अभियंता रजनीश वर्मा ने विभागीय टीम के साथ पांच अति दुर्गम पंचायतों का दो दिवसीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और समाधान पर चर्चा की। दौरे में सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता और तकनीकी स्टाफ भी मौजूद रहा। विभागीय टीम ने धार चांदना, बावत और चुरायन डाक शराड पंचायतों के लिए निर्माणाधीन उठाऊ पेयजल योजना का निरीक्षण किया। इस योजना पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। अधिशासी अभियंता ने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। दुर्गम क्षेत्रों में अधिकारियों की टीम के पहुंचने से ग्रामीणों में उत्साह देखा गया। कई गांवों में लोग देर रात तक टीम का इंतजार करते रहे। ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष वर्षों से चली आ रही पेयजल किल्लत की समस्या रखी। उन्होंने पानी की वितरण व्यवस्था से जुड़ी शिकायतें भी बताईं। अधिकारियों ने मौके पर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। समस्याओं के तकनीकी और व्यावहारिक समाधान पर चर्चा की गई। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता रजनीश वर्मा की कार्यशैली की सराहना की। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इस दौरे के बाद क्षेत्र की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होगा।